केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री आर. के. सिंह ने बिजली वितरण में जटिल समस्याओं को हल करने तथा गुणवत्ता एवं विश्वसनीय बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी संचालित समाधान खोजने के लिए आरडीएसएस के तहत एक हैकथॉन प्रतियोगिता पावरथॉन-2022 का आज वर्चुअल तौर पर शुभारंभ किया।
पावरथॉन-2022 को भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा शुरू की गई पुनरोत्थान वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के उद्देश्य के अनुरूप लॉन्च किया जा रहा है। आरडीएसएस बिजली मंत्रालय द्वारा शुरू की गई एक सुधार-केंद्रित और परिणाम उन्मुखी योजना है और आरडीएसएस के प्रमुख उद्देश्य एटीएंडसी घाटे को 12-15 प्रतिशत तक कम करना, 2024-25 तक एसीओएस-एआरआर अंतर को समाप्त करना तथा बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में सुधार करके एक सशक्त बिजली क्षेत्र का निर्माण करना, जो एक संपन्न अर्थव्यवस्था के लिए देश में विकास के अवसरों को बढ़ा सकती है। आरडीएसएस के 2 प्रमुख घटक हैं, जिनमें से भाग ए वितरण संबंधी बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण और उन्नयन है, जिसके तहत स्मार्ट प्रीपेड मीटरिंग, डीटी के लिए संचारी फीडर और एकीकृत सॉफ्टवेयर पर ध्यान केंद्रित किया गया है। यह योजना डिस्कॉम की परिचालन दक्षता और वित्तीय स्थिरता बढ़ाने के लिए आईटी / ओटी उपकरणों के माध्यम से उत्पन्न डेटा का विश्लेषण करने के लिए उन्नत तकनीक का उपयोग करने पर भी विशेष जोर देती है।
यह बताना प्रासंगिक है कि आरडीएसएस योजना के तहत बिजली वितरण क्षेत्र में उन्नत प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने के लिए एक रूपरेखा को पहले ही मंजूरी दी गई है। इसके तहत, डिस्कॉम में उपयोग के मामलों का परीक्षण करने और उन्हें बढ़ाने के लिए एक दो-आयामी रणनीति अर्थात प्रौद्योगिकी समाधान प्रदाताओं (टीएसपी) के मौजूदा नेटवर्क का लाभ उठाना, और इस क्षेत्र में निरंतर नवाचार के लिए बिजली वितरण केंद्रित इन्क्यूबेटरों का निर्माण किया गया है जिसमें विद्युत क्षेत्र में उन्नत प्रौद्योगिकियों की खोज के लिए आरईसी को नामित एजेंसी (डीए) के रूप में घोषित किया गया है। इस संबंध में, आरईसी ने पावरथॉन-2022 के आयोजन के साथ-साथ टीएसपी की पहचान करने के लिए आईआईटी मुंबई के तहत सोसाइटी फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (साइन) के साथ ‘इनक्यूबेटर कम टेक्नोलॉजी पार्टनर’ के रूप में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। भारत सरकार की प्रमुख पहल, स्टार्टअप इंडिया, जिसका उद्देश्य स्टार्टअप संस्कृति को उत्प्रेरित करना तथा भारत में नवाचार एवं उद्यमिता के लिए एक मजबूत और समावेशी इको-सिस्टम का निर्माण करना है। यह पावरथॉन-2022 के व्यापक प्रचार में भी सहयोग कर रहा है।
SOURCE-PIB
PAPER-G.S.1PRE