रक्षा मंत्री ने पोर्ट ब्लेयर में अंडमान एवं निकोबार कमान की तैयारियों की समीक्षा की
- रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 5 जनवरी, 2023 को पोर्ट ब्लेयर में देश के एकमात्र ऑपरेशनल जॉइंट सर्विसेज कमांड के मुख्यालय पर अंडमान एवं निकोबार कमांड की अभियानगत तैयारियों और सैन्य क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की समीक्षा की।
- अंडमान और निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ (सीआईएनसीएएन) लेफ्टिनेंट जनरल अजय सिंह ने रक्षा मंत्री को अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह की भू–रणनीतिक क्षमता और इस क्षेत्र में भारत के प्रभाव को बढ़ाने और सैन्य अभियानों में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।
- अंडमान एवं निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ ने रक्षा मंत्री को इस कमान की उपलब्धियों, भविष्य की योजना और चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सरकार की एक्ट ईस्ट पॉलिसी को आगे बढ़ाने और देश के समुद्री पड़ोसियों के साथ ‘ब्रिज ऑफ फ्रेंडशिप‘ का निर्माण करके क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास (सागर) के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण को साकार करने में अंडमान और निकोबार कमांड द्वारा निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
- श्री राजनाथ सिंह ने एएनसी ज्वाइंट ऑपरेशंस सेंटर (जेओसी) का भी दौरा किया, जो निगरानी, सैन्य अभियानों के संचालन और रसद संबंधी सहायता के लिये एकीकृत योजना का प्रमुख केंद्र है।
- रक्षा मंत्री ने मानवतावादी सहायता और आपदा राहत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और समुद्री क्षेत्र को सुरक्षित रखने के लिए अंडमान एवं निकोबार कमान की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2001 में अपनी स्थापना के बाद से, अंडमान एवं निकोबार कमान ने अपनी सैन्य अभियानगत क्षमताओं में काफी वृद्धि की है, जो इसकी अदम्य भावना और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
- इससे पहले रक्षा मंत्री ने 29 दिसंबर, 1943 को नेताजी के ऐतिहासिक आगमन के स्थान संकल्प स्मारक का दौरा किया। संकल्प स्मारक में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय सेना के सैनिकों के बलिदान का सम्मान करने के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
- जनवरी 2019 के बाद से रक्षा मंत्री की इंदिरा पॉइंट की यह पहली यात्रा है। इंडो-पैसिफिक से इन दूर-दराज के द्वीपों की निकटता को देखते हुए रणनीतिक संकेतों के अलावा, रक्षा मंत्री की अंडमान एवं निकोबार कमान की यात्रा ने इन दूरस्थ द्वीप पर तैनात सैनिकों को प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि अंडमान एवं निकोबार कमान 21 साल पुराना सफल इंटीग्रेटेड थिएटर कमांड है, जिसकी योजना अब राष्ट्रीय स्तर पर बनाई जा रही है।