विदेश मंत्री ने इंडोनेशिया के जावा में भूकंप से हुए जानमाल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया
- विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इंडोनेशिया के जावा में भूकंप से हुए जान–माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में इंडोनेशिया के साथ है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
इंडोनेशिया में भूकंप से 56 लोगों की मौत:
- इंडोनेशिया में भूकंप के कारण 56 लोगों की मृत्यु हो गयी है। लगभग सात सौ लोग घायल भी हुए हैं।
- पश्चिमी जावा के सियान्जुर में 21 नवंबर को दोपहर रिक्टर पैमाने पर पांच दशमलव छह अंक की तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन में दस किलोमीटर की गहराई पर था।
- इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा है कि सियांजूर में कई भवन ध्वस्त हो गए हैं। इनमें एक अस्पताल और एक आवासीय विद्यालय शामिल है। भूकंप केंद्र से सौ किलोमीटर दूर राजधानी जकार्ता में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।