भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) 01 फरवरी, 2022 को अपना 46वां स्थापना दिवस मनाएगा। भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री और नागरिक उड्डयन खोज और बचाव (एसएआर) तंत्र में सामंजस्य स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय समुद्री खोज और बचाव बोर्ड की बैठक भी आयोजित की। यह मजबूत तटीय सुरक्षा तंत्र स्थापित करने के लिए केंद्र और राज्य की एजेंसियों के साथ निकट समन्वय बनाकर काम करता है। आजादी का अमृत महोत्सव उत्सव के तहत 15 अगस्त, 2021 को आईसीजी की क्षमता का प्रदर्शन किया गया जब 100 बसे हुए और दूर-दराज के निर्जन द्वीपों पर ध्वजारोहण किया था।
आईसीजी स्वदेशी संपत्तियों को शामिल करने में अग्रणी रहा है, जिसने इसे पूरे वर्ष परिचालन रूप से सक्रिय और उत्तरदायी बने रहने में सक्षम बनाया है। काविड-19 महामारी के बावजूद इसने पिछले एक साल में अपने बेड़े में पांच नई पीढ़ी के जहाज और आठ उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर जोड़े हैं। यह प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण “आत्मनिर्भर भारत” और “मेक इन इंडिया” के बेहतरीन उदाहरण हैं।
भारतीय तटरक्षक की स्थापना शांतिकाल में भारतीय समुद्र की सुरक्षा करने के उद्देश्य से 18 अगस्त 1978 को संघ के एक स्वतंत्र सशस्त्र बल के रूप में संसद द्वारा तटरक्षक अधिनियम, 1978 के अंतर्गत की गई। “वयम् रक्षाम: याने हम रक्षा करते हैं” भारतीय तटरक्षक का आदर्श वाक्य है। वर्तमान में इस बल की कमान इसके महानिदेशक अनुराग गोपालन थपलियाल के हाथ में हैं।
कर्तव्य एवं सेवाएं
भारतीय तटरक्षक, भारत के समुद्री क्षेत्रों में लागू सभी राष्ट्रीय अधिनियमों के उपबंधों का प्रवर्तन करने के लिए प्रमुख संस्था है, जो राष्ट्र एवं समुद्री समुदाय के प्रति निम्नलिखित सेवाएं प्रदान करता हैI हमारे समुद्री क्षेत्रों में कृत्रिम द्वीपों, अपतटीय संस्थापनाओं तथा अन्य संरचना की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करना। मछुवारों की सुरक्षा करना तथा समुद्र में संकट के समय उनकी सहायता करना। समुद्री प्रदूषण के निवारण और नियंत्रक सहित हमारे समुद्री पर्यावरण का संरक्षण और परिरक्षण करना। तस्करी-रोधी अभियानों में सीमा-शुल्क विभाग तथा अन्य प्राधिकारियों की सहायता करना। भारतीय समुद्री अधिनियमों का प्रवर्तन करना। समुद्र में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक उपाय करना।
संगठन
भारतीय तटरक्षक का मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है। इसे पाँच क्षेत्रों में बाँटा गया है:
पश्चिमी क्षेत्र – क्षेत्रीय मुख्यालय : मुंबई
पूर्वी क्षेत्र – क्षेत्रीय मुख्यालय : चेन्नई
उत्तर पूर्वी क्षेत्र – क्षेत्रीय मुख्यालय : कोलकाता
अंडमान व निकोबार क्षेत्र – क्षेत्रीय मुख्यालय : पोर्ट ब्लेयर
उत्तर पश्चिमी क्षेत्र – क्षेत्रीय मुख्यालय : गाँधीनगर, (गुजरात)
SOURCE-PIB
PAPER-G.S.3