स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में भारत का कुल निर्यात 750 अरब डॉलर के अब तक के सबसे उच्च स्तर को पार कर गया
- केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री, श्री पीयूष गोयल ने घोषणा की कि 29 मार्च 2023 को भारत का कुल निर्यात 750 अरब डॉलर को पार कर गया है। इसमें सेवाओं और व्यापारिक वस्तुओं का निर्यात शामिल है। यह अब तक का सर्वकालिक उच्च स्तर है और 750 अरब डॉलर की यह उपलब्धि आजादी के 75वें वर्ष में हासिल हुई है जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।
- श्री गोयल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे निर्यात 2020-21 के 500 अरब डॉलर से बढ़कर बेहद चुनौतीपूर्ण समय में इस आंकड़े तक पहुंचा है।
- घरेलू बाजार मजबूती के साथ लगातार बढ़ रहा है और पिछले 9 वर्षों में ध्यान ऐसे आधार को तैयार करने पर केंद्रित किया गया है जो अगले कई वर्षों तक अर्थव्यवस्था के निर्बाध और लगातार जारी रहने वाले विकास के लिए आवश्यक है।
- उन्होंने कहा कि एक विकासशील देश के विकसित देश बनने की यात्रा के पहले दशक में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पूंजी को आकर्षित करने के लिए मजबूत आधार, आर्थिक ढांचे और स्थिर नियामक प्रक्रियाओं के निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया गया। मंत्री जी ने कहा कि भारत ऐसी ही यात्रा से गुजर रहा है और भारत भाग्यशाली है जो कि अपने बड़े घरेलू बाजार पर भरोसा रख सकता है और साथ ही पूरी दुनिया तक पहुंच बना सकता है।