वाणिज्य तथा उद्योग, उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा कपड़ा मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज इनोवेशन (नवाचार) इकोसिस्टम के हितधारकों से भारत को वैश्विक नवाचार सूचकांक के शीर्ष 25 देशों में लाने का प्रयास करने को कहा है। श्री गोयल ने कहा कि वैश्विक नवाचार सूचकांक में 2014 के 76वें स्थान से 2021 में 46वें स्थान पर भारत को ले जाने के पीछे हमारे स्टार्टअप प्रमुख कारण हैं। श्री गोयल आज नई दिल्ली से वर्चुअल रूप में ‘स्टार्टअप इंडिया इनोवेशन वीक लॉन्च’ का उद्घाटन कर रहे थे।
विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (World Intellectual Property Organization – WIPO) द्वारा जारी ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (Global Innovation Index) 2021 में भारत को 46वें स्थान पर रखा गया है। भारत पिछले साल की रैंकिंग से 2 पायदान ऊपर चढ़ गया है। निम्न मध्यम-आय वर्ग समूह के तहत, भारत को वियतनाम (Vietnam) के बाद दूसरे स्थान पर रखा गया है। ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स 2021, 132 अर्थव्यवस्थाओं के नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के प्रदर्शन को दर्शाता है और नवीनतम वैश्विक नवाचार प्रवृत्तियों को ट्रैक करता है।
ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स 2021 रैंकिंग में शीर्ष 5 देश :
रैंक देश स्कोर
1st स्विट्ज़रलैंड 65.5
2nd स्वीडन 63.1
3rd संयुक्त राज्य अमेरिका 61.3
4th यूनाइटेड किंगडम 59.8
5th दक्षिण कोरिया 59.3
46th भारत 36.4
ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) के बारे में :
ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स (GII) दुनिया भर के 132 देशों और अर्थव्यवस्थाओं के नवाचार प्रदर्शन के बारे में विस्तृत मेट्रिक्स प्रदान करता है। इसके 80 संकेतक राजनीतिक वातावरण, शिक्षा, बुनियादी ढांचे और व्यापार परिष्कार सहित नवाचार की व्यापक दृष्टि का पता लगाते हैं।
विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO)
- WIPO का पूरा नाम World Intellectual Property Organization यानी विश्व बौद्धिक संपदा संगठन है।
- यह संयुक्त राष्ट्र की सबसे पुरानी एजेंसियों में से एक है।
- इसका गठन 1967 में रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और विश्व में बौद्धिक संपदा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिये किया गया था।
- इसके तहत वर्तमान में 26 अंतर्राष्ट्रीय संधियाँ आती हैं।
- WIPO का मुख्यालय जिनेवा, स्विट्ज़रलैंड में है।
- प्रत्येक वर्ष 26 अप्रैल को विश्व बौद्धिक संपदा दिवस मनाया जाता है।
- अभी 191 देश इसके सदस्य हैं, जिनमें संयुक्त राष्ट्र के 188 सदस्य देशों के अलावा कुक द्वीपसमूह, होली सी और न्यूए (Niue) शामिल हैं।
- संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देश इसके सदस्य बन सकते हैं, लेकिन यह बाध्यकारी नहीं है।
- फिलिस्तीन को इसमें स्थायी पर्यवेक्षक का दर्जा मिला हुआ है तथा लगभग 250 NGO और अंतर-सरकारी संगठन इसकी बैठकों में बतौर आधिकारिक पर्यवेक्षक शामिल होते हैं।
- भारत 1975 में WIPO का सदस्य बना था।
SOURCE-PIB
PAPER-G.S.3