अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र में 2023-24 में 13% वेतन वृद्धि और 1.1 करोड़ नई नौकरियां सृजित:
चर्चा में क्यों है?
- 25 दिसंबर को जारी किए गए अनिगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE) 2023-24 से पता चलता है कि 2023-24 (अक्टूबर-सितंबर) में अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र में लगभग 84 लाख प्रतिष्ठान और 1.1 करोड़ नौकरियां जुड़ीं।
- अनिगमित गैर-कृषि क्षेत्र, ने 2023-24 में श्रमिकों के वेतन में बाजार मूल्य पर 13 प्रतिशत की वृद्धि देखी, जो निगमित क्षेत्र में धीमी वेतन वृद्धि की व्यापक प्रवृत्ति के विपरीत है। अनिगमित/असंगठित क्षेत्र में 13 प्रतिशत की यह वेतन वृद्धि 2022-23 के दौरान दर्ज (-)1.1 प्रतिशत से काफी अधिक थी।
अनिगमित उद्यम क्या होता है?
- अनिगमित उद्यम, असंगठित या अनौपचारिक क्षेत्र के गैर कृषि उद्यम हैं, जिनमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME), किराए पर काम करने वाले श्रमिकों सहित घरेलू इकाइयाँ और स्वयं के खाते वाले उद्यम शामिल हैं।
- इन गैर-कृषि क्षेत्र के उद्यमों के आंकड़ों को एक महत्वपूर्ण रोजगार संकेतक के रूप में देखा जाता है, क्योंकि अनौपचारिक क्षेत्र पर इसकी रोजगार सृजन क्षमता और श्रम शक्ति के अवशोषण के लिए बारीकी से नजर रखी जाती है, विशेष रूप से औपचारिक क्षेत्र में मंदी के मामले में।
- उल्लेखनीय है कि अर्थव्यवस्थाओं के विकास के साथ असंगठित या अनौपचारिक क्षेत्र का आकार धीरे-धीरे कम होता जाता है, लेकिन इसको लेकर विभिन्न देशों में व्यापक भिन्नताएँ होती हैं।
प्रतिष्ठानों की संख्या, GVA और उत्पादकता मैट्रिक्स में वृद्धि:
- ASUSE के अनुसार, अनिगमित क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की कुल संख्या 2022-23 में 6.50 करोड़ से बढ़कर 2023-24 में 7.34 करोड़ हो गई, जो 12.84 प्रतिशत की अच्छी वृद्धि दर्शाती है।
- इसमें “अन्य सेवाओं” क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या में 23.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जिसके बाद विनिर्माण क्षेत्र में 13 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।
- इसके अलावा, महिला स्वामित्व वाले प्रतिष्ठानों का प्रतिशत 2022-23 में 22.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 26.2 प्रतिशत हो गया। यह प्रवृत्ति व्यवसाय स्वामित्व में महिलाओं की भागीदारी में सकारात्मक बदलाव का संकेत देती है।
- देश के असंगठित उद्यमों की सकल मूल्य वर्धन (GVA) वृद्धि 2023-24 में 16.5 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष 16.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
- प्रति कर्मचारी सकल मूल्य वर्धन (GVA) जो कि क्षेत्र की श्रम उत्पादकता का एक माप है, वर्तमान मूल्यों पर 2022-23 में 1,41,769 रुपये से बढ़कर 2023-24 में 1,49,742 रुपये हो गया, जो 5.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
अनिगमित क्षेत्र में श्रम बाजार का बेहतर निष्पादन:
- इस क्षेत्र ने अक्टूबर 2023 और सितंबर 2024 के बीच 12.06 करोड़ से अधिक श्रमिकों को रोजगार दिया, जो 2022-23 से एक करोड़ से अधिक श्रमिकों की वृद्धि को दर्शाता है और श्रम बाजार में मजबूत वृद्धि को दर्शाता है।
- कुल 12.06 करोड़ श्रमिकों में से 5.61 करोड़ श्रमिक ग्रामीण क्षेत्रों में तथा 6.45 करोड़ श्रमिक शहरी क्षेत्रों में कार्यरत थे।
- “अन्य सेवा” क्षेत्र ने रोजगार में 17.86 प्रतिशत की उच्चतम वार्षिक वृद्धि दिखाई, जिसके बाद विनिर्माण क्षेत्र ने 10.03 प्रतिशत की वृद्धि दिखाई।
- प्रति कर्मचारी औसत पारिश्रमिक में भी पिछले वर्ष 2022-23 की तुलना में 2023-24 में 13 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो वेतन स्तरों में सुधार का संकेत है। इस मीट्रिक में सबसे अधिक वृद्धि विनिर्माण क्षेत्र में देखी गई, जिसमें 16 प्रतिशत से थोड़ी अधिक वृद्धि हुई।
बेहतर डिजिटल पैठ:
- इंटरनेट का उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों का प्रतिशत भी 2022-23 में 21.1प्रतिशत से बढ़कर ASUSE 2023-24 में 26.7 प्रतिशत हो गया है।
- यह पर्याप्त वृद्धि प्रतिष्ठानों के बीच डिजिटल अपनाने की दिशा में एक मजबूत प्रवृत्ति को दर्शाती है, जो व्यावसायिक संचालन के लिए इंटरनेट पर बढ़ती निर्भरता को उजागर करती है।
नोट : आप खुद को नवीनतम UPSC Current Affairs in Hindi से अपडेट रखने के लिए Vajirao & Reddy Institute के साथ जुडें.
नोट : हम रविवार को छोड़कर दैनिक आधार पर करेंट अफेयर्स अपलोड करते हैं
Read Current Affairs in English ⇒