Register For UPSC IAS New Batch

अनिगमित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE) 2023-24 रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष:

For Latest Updates, Current Affairs & Knowledgeable Content.

अनिगमित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE) 2023-24 रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष:

चर्चा में क्यों है?

  • सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) द्वारा 24 दिसंबर 2024 को अक्टूबर 2023 से सितंबर 2024 की संदर्भ अवधि के लिए अनिगमित क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (ASUSE 2023-24) के प्रमुख परिणाम एक फैक्टशीट के रूप में जारी किए गया था। इस सर्वेक्षण की विस्तृत रिपोर्ट और इकाई स्तर के आंकड़े अब 29 जनवरी को जारी किए गए हैं।
  • उल्लेखनीय है कि भारतीय अर्थव्यवस्था में असंगठित गैर-कृषि क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, मुख्य रूप से देश के कार्यबल के एक महत्वपूर्ण हिस्से को अवशोषित करने की इसकी क्षमता, विभिन्न प्रकार के लोगों को रोजगार के अवसर प्रदान करने में इसकी समावेशिता और देश के सकल घरेलू उत्पाद में इसके योगदान के कारण।

अनिगमित उद्यम क्या होता है?

  • अनिगमित उद्यम, असंगठित या अनौपचारिक क्षेत्र के गैर कृषि उद्यम हैं, जिनमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME), किराए पर काम करने वाले श्रमिकों सहित घरेलू इकाइयाँ और स्वयं के खाते वाले उद्यम शामिल हैं।
  • इन गैर-कृषि क्षेत्र के उद्यमों के आंकड़ों को एक महत्वपूर्ण रोजगार संकेतक के रूप में देखा जाता है, क्योंकि अनौपचारिक क्षेत्र पर इसकी रोजगार सृजन क्षमता और श्रम शक्ति के अवशोषण के लिए बारीकी से नजर रखी जाती है।

ASUSE 2023-24 के परिणामों की मुख्य बातें:

कुल संख्या से जुड़े आंकड़े:

  • अनिगमित क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की कुल संख्या ASUSE 2022-23 में 6.50 करोड़ से बढ़कर ASUSE 2023-24 में 7.34 करोड़ हो गई, जो 12.84% की वृद्धि दर्शाती है।
  • “अन्य सेवा” क्षेत्रों में प्रतिष्ठानों की संख्या में 23.55% की वृद्धि दर्ज की गई, इसके बाद विनिर्माण क्षेत्र में 13% की वृद्धि देखी गई।
  • इसी अवधि के दौरान, प्रतिष्ठानों की सबसे अधिक संख्या उत्तर प्रदेश में दर्ज की गयी है, इसके बाद पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र का स्थान है।

सकल मूल्य वर्धन एवं उत्पादकता से जुड़े आंकड़े:

  • आर्थिक प्रदर्शन का एक प्रमुख संकेतक सकल मूल्य वर्धन (GVA), अन्य सेवा क्षेत्र में 26.17% की वृद्धि के कारण 16.52% बढ़ा।
  • ASUSE 2023-24 के दौरान मूल्य संवर्धन के मामले में, तीन राज्य – महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात – शीर्ष राज्य थे, जिन्होंने असंगठित, गैर-कृषि उद्यमों से कुल सकल मूल्य वर्धन (GVA) उत्पादन में लगभग एक-तिहाई का योगदान दिया।
  • GVA या प्रति प्रतिष्ठान उत्पादकता के मामले में दिल्ली, गुजरात और हरियाणा शीर्ष तीन राज्य थे।
  • प्रति कर्मचारी GVA या श्रम उत्पादकता के मामले में दिल्ली, केरल और हरियाणा शीर्ष तीन राज्य रहे।
  • प्रति कर्मचारी GVA द्वारा मापी गई श्रम उत्पादकता, ASUSE 2023-24 में बढ़कर 1,49,742 रुपये हो गई, जो ASUSE 2022-23 में 1,41,769 रुपये थी।

कुल रोजगार से जुड़े आंकड़े:

  • ASUSE 2023-24 के सर्वेक्षण काल में असंगठित गैर-कृषि क्षेत्र ने 12 करोड़ से अधिक श्रमिकों को रोजगार दिया, यह पिछले वर्ष से एक करोड़ से अधिक श्रमिकों की वृद्धि को दर्शाता है और श्रम बाजार में मजबूत वृद्धि को दर्शाता है।
  • इस कार्यबल का एक तिहाई से अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल राज्यों में लगा हुआ था।

महिला श्रमिकों से जुड़े आंकड़े:

  • कुल श्रमिकों में महिला श्रमिकों का अनुपात ASUSE 2022-23 में 25.63% से बढ़कर ASUSE 2023-24 में 28.12% हो गया है, जिसमें विनिर्माण में 46.5 प्रतिशत, अन्य सेवाओं में 22.5 प्रतिशत और व्यापार में 19.2 प्रतिशत शामिल हैं।
  • कार्यरत कुल श्रमिकों के संबंध में महिला श्रमिकों की सबसे अधिक हिस्सेदारी आंध्र प्रदेश (38.5 प्रतिशत), तेलंगाना (37 प्रतिशत) और पश्चिम बंगाल (35.9 प्रतिशत) में दर्ज की गई।
  • जिन इकाइयों में महिला श्रमिकों की संख्या अधिक थी, उनमें ‘रेडीमेड कपड़ों के निर्माण’ में 2023-24 में सबसे अधिक महिला श्रमिक (22.77 प्रतिशत) थीं, इसके बाद ‘अन्य खुदरा व्यापार’ (21.49 प्रतिशत) और ‘शिक्षा’ (10.03 प्रतिशत) का स्थान था।

महिला स्वामित्व वाले इकाइयों से जुड़े आंकड़े:

  • ASUSE 2023-24 रिपोर्ट के अनुसार अनिगमित उद्यमों में महिलाओं द्वारा संचालित स्वामित्व इकाइयों का प्रतिशत 2022-23 में 22.9 प्रतिशत से बढ़कर 2023-24 में 26.2 प्रतिशत हो गया।
  • अनिगमित उद्यमों से जुड़े विनिर्माण क्षेत्र में 2023-24 में महिला स्वामियों द्वारा संचालित इकाइयों की सबसे अधिक हिस्सेदारी (58.4 प्रतिशत) दर्ज की गई, इसके बाद अन्य सेवाएं (14.22 प्रतिशत) और व्यापार (13.69 प्रतिशत) का स्थान रहा।
  • महिला-प्रधान अनिगमित प्रतिष्ठानों का उच्चतम प्रतिशत पश्चिम बंगाल (36.4 प्रतिशत) में दर्ज किया गया, इसके बाद कर्नाटक (35.20 प्रतिशत), तेलंगाना (34.10 प्रतिशत) और गुजरात (32.20 प्रतिशत) का स्थान रहा।

पूंजी निवेश से जुड़े आंकड़े:

  • एक अनिगमित गैर-कृषि प्रतिष्ठान के स्वामित्व वाली अचल संपत्ति औसतन ASUSE 2022-23 में 3,18,144 रुपये से बढ़कर ASUSE 2023-24 में 3,24,075 रुपये हो गई है, जो इस क्षेत्र में बेहतर पूंजी निवेश को दर्शाता है।
  • साथ ही, प्रति प्रतिष्ठान बकाया ऋण ASUSE 2022-23 में 50,138 रुपये से बढ़कर ASUSE 2023-24 में 53,710 रुपये हो गया है, जो इस क्षेत्र में ऋण की उपलब्धता में सुधार को दर्शाता है।

पंजीकरण से जुड़े आंकड़े:

  • पंजीकृत प्रतिष्ठानों का प्रतिशत ASUSE 2022-23 में 36.80% से मामूली रूप से बढ़कर ASUSE 2023-24 में 37.20% हो गया है, जिससे इस क्षेत्र में पंजीकरण की बढ़ती प्रवृत्ति का पता चलता है।

बेहतर डिजिटल पैठ:

  • उद्यमी उद्देश्य के लिए इंटरनेट का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में 2022-23 में 13.50% से बढ़कर 2023-24 में 17.90% और शहरी क्षेत्रों में 30.20% से बढ़कर 37.00% हो गया है। कुल मिलाकर, ASUSE 2022-23 की तुलना में ASUSE 2023-24 के दौरान यह 21.10% से बढ़कर 26.70% हो गया।
  • यह पर्याप्त वृद्धि प्रतिष्ठानों के बीच डिजिटल अपनाने की ओर एक मजबूत प्रवृत्ति को दर्शाती है, जो व्यावसायिक संचालन के लिए इंटरनेट पर बढ़ती निर्भरता को उजागर करती है।

 

नोट : आप खुद को नवीनतम UPSC Current Affairs in Hindi से अपडेट रखने के लिए Vajirao & Reddy Institute के साथ जुडें.

नोट : हम रविवार को छोड़कर दैनिक आधार पर करेंट अफेयर्स अपलोड करते हैं

Read Current Affairs in English

Request Callback

Fill out the form, and we will be in touch shortly.

Call Now Button